बहराइच , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच शहर में शनिवार को अचानक आई तेज रफ्तार आंधी के कारण छावनी चौराहे पर स्थित एक मोबाइल टावर गिर गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के व्यस्ततम छावनी चौराहा स्थित शुभम इलेक्ट्रॉनिक की छत पर लगा मोबाइल टावर तेज आंधी के चलते भरभराकर सड़क पर गिर गया। टावर गिरते समय तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग डर गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टावर गिरने से कई वाहन उसकी चपेट में आ गए, जिससे नुकसान की आशंका है। सौभाग्य रहा कि घटना के समय सड़क पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही इलाके की पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए।

स्थानीय निवासी सलीम ने बताया, "अचानक तेज आवाज के साथ टावर गिरा, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।" प्रशासन ने बताया कि फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित