बहराइच , अक्टूबर 15 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्य जीवन प्रभाग के निशानगांडा रेंज के नवीनपुरवा गांव में बीती रात तेंदुए ने एक घर में घुसकर हड़कंप मचा दिया। तेंदुआ बीते दो दिनों में दो लोगों पर हमला करने के बाद गांव में घुसा था।

वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, तेंदुआ जब जगतराम थारू के घर में घुसा, तो परिवार के सदस्य शोर मचाते हुए घर से बाहर भाग निकले। इस घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए और शोर मचाने लगे। इसी दौरान, तेंदुआ घर के एक कोने में छिपकर बैठ गया। निशानगाड़ा वन रेंज की टीम को इस घटना की सूचना मिली, मौके पर पहुंचकर उन्होंने तेंदुए के रेस्क्यू के लिए चारों ओर जाल लगा दिया। लगभग 15 घंटे की मशक्कत के बाद, तेंदुए के शावक को घर से रेस्क्यू किया गया। शावक को ट्रेंकुलाइज करके बेहोश किया गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित वन अधिकारी द्वारा पकड़ा जा सका।

रेस्क्यू के बाद, तेंदुआ को पिंजरे में बंद कर उसे ट्रॉली द्वारा रेंज कार्यालय निशानगांडा ले जाया गया। डीएफओ सूरज कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि गांव में सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। इस घटना से स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित