बहराइच , अप्रैल 9 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में नवाबगंज थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से एक किलो 18 ग्राम चरस बरामद की है। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर यादव ने गुरुवार को बताया कि थाना नवाबगंज पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेन्द्र वर्मा (25) पुत्र बृदा वर्मा निवासी भवानीपुर, जिला बांके (नेपाल) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह भारत-नेपाल सीमा के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी कर भारतीय क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में था।
इस संबंध में थाना नवाबगंज में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी पर नियंत्रण के लिए सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है और एसएसबी के सहयोग से आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपी से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सोनकर, हेड कांस्टेबल महेंद्र यादव, कांस्टेबल जय सिंह चौधरी, कांस्टेबल धीरज चौधरी तथा एसएसबी के जवान शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित