बहराइच , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले की भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने 1.46 किलोग्राम चरस के साथ बृहस्पतिवार एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 59वीं वाहिनी एसएसबी की 'एफ' समवाय, लौकाही तथा थाना मोतीपुर पुलिस ने 26 मार्च को विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 667 के पास गश्त कर रही थी जिसका नेतृत्व निरीक्षक (सामान्य दल) सुभाष चंद्र कर रहे थे। इस बीच नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति पर सुरक्षा बलों की नजर पड़ी। जवानों को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन सतर्कता दिखाते हुए टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।पकड़े गए व्यक्ति की पहचान नेपाल के जिला बर्दिया निवासी 29 वर्षीय नेत्र बहादुर शाही के रूप में हुई है।पुलिस द्वारा ली गई तलाशी के दौरान उसके पास से 1.46 किलोग्राम चरस बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने यह चरस नेपाल के एक व्यक्ति से खरीदी थी और इसे भारत में बेचने के साथ-साथ अपने निजी उपयोग के लिए ला रहा था।
थाना मोतीपुर के प्रभारी निरीक्षक आनंद चौरसिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ स्थानीय थाना पर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है आरोपी को शुक्रवार न्यायालय में पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित