बहराइच , जनवरी 29 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में आंगनबाड़ी वर्करों और सहायिकाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा कर्मचारी संगठन के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कर्मियों ने भाग लिया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा। धरना जिलाधिकारी कार्यालय के पास आयोजित किया गया, जहां प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याएं मुखरता से उठाईं। आंगनबाड़ी कर्मियों ने कहा कि वे वर्षों से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रही हैं, लेकिन उन्हें आज तक स्थायी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिल पाया है।
संगठन की जिला अध्यक्ष सुनीता आर्य ने बताया कि प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राजकीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाना, उनसे गैर-विभागीय कार्य न कराए जाना, सेवानिवृत्ति की आयु सीमा 65 वर्ष किए जाने और कोरोना काल से अब तक सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन सुविधा दिए जाने की मांग शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार की उपेक्षा से कर्मियों में रोष बढ़ता जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित