बहराइच , फरवरी 3 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने सड़क किनारे दुकान लगाए महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका की पहचान इमरती देवी के रूप में हुई है, जो परवानी गौढ़ी चौराहे पर मसाला और पानी की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। पुलिस के अनुसार, लखीमपुर की ओर से गिट्टी लेकर आ रहा डंपर अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे उनकी दुकान में घुस गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय लोग उन्हें तत्काल मिहिपुरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि डंपर को जब्त कर लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित