कोंडागांव, दिसंबर 27 -- छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर फरसगांव नगर के अस्पताल चौक में शनिवार को एक सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार आज दोपहर करीब एक बजे जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही एक बस ने सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को उपचार के लिए फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायल महिला की पहचान ग्राम कांदबेड़ा निवासी सनवारिन के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने महिला के सिर में गंभीर चोट होने की पुष्टि की, जिसके बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

महिला ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद बस चालक ने वाहन को फरसगांव थाना परिसर में ले जाकर खड़ा कर दिया। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस द्वारा चालक से पूछताछ की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित