बस्ती , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में परशुरामपुर थाने में तैनात सबइंस्पेक्टर अजय गौड़ का शव अयोध्या जनपद में सरयू नदी से बरामद किया गया है। वह गत 5 फरवरी से लापता थे।

अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने सोमवार को बताया कि सबइंस्पेक्टर अजय गौड़ 5 फरवरी की शाम से लापता हो गए थे। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। उनका अंतिम मोबाइल लोकेशन तथा मोटरसाइकिल अमहट घाट के पास मिला था। प्रारंभिक आशंका के आधार पर कुंआनो नदी में गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम की मदद से तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन 48 घंटे तक कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद आसपास के जनपदों में भी खोजबीन की जा रही थी।

उन्होंने बताया कि रविवार देर शाम अयोध्या पुलिस से सूचना मिली कि सरयू नदी के रामपुर हलवारा माझा क्षेत्र में वर्दीधारी पुलिसकर्मी का शव मिला है। सूचना पर बस्ती पुलिस टीम अयोध्या पहुंची, जहां शव की पहचान लापता सबइंस्पेक्टर अजय गौड़ के रूप में की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले के खुलासे के लिए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जांच की जा रही है और शीघ्र ही तथ्यों को स्पष्ट किया जाएगा। मृतक अजय गौड़ मूल रूप से देवरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के मूड़ाडीहा गांव के निवासी थे। उनके छोटे भाई अरुण कुमार गौड़ झांसी में अपर जिलाधिकारी के पद पर तैनात हैं।

गौरतलब है कि 5 फरवरी को थानाध्यक्ष के अवकाश पर होने के कारण परशुरामपुर थाने का प्रभार अजय गौड़ के पास था। वह शाम करीब चार से पांच बजे के बीच अपनी मोटरसाइकिल से बिना किसी को बताए निकले थे। देर रात तक वापस न लौटने पर उनकी पत्नी रंजीता गौड़ ने संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद पुलिस महकमे को सूचना दी गई और खोजबीन शुरू की गई। उनकी मोटरसाइकिल बाद में कुंआनो नदी के तट पर मिली थी। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित