बस्ती , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनका खाका तैयार किया जा रहा है और शीघ्र ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बुधवार को बताया कि बिना सत्यापन के भ्रामक, सांप्रदायिक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों की पहचान के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। इसके लिए साइबर सेल को सक्रिय कर संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स और प्लेटफॉर्म्स की निगरानी बढ़ा दी गई है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा भड़काऊ पोस्ट के जरिए समाज में अशांति फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। संदिग्ध अकाउंट्स और ग्रुप्स की पहचान कर उनकी गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भड़काऊ या संदिग्ध पोस्ट दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से ऐसी पोस्ट साझा करने से बचने की भी अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित