बस्ती , मई 02 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में कोतवाली पुलिस ने स्वयं को उच्च न्यायालय का न्यायमूर्ति बताकर दबाव बनाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के रैपुरा जंगल तिवारीपुर गांव निवासी विनय कुमार चौधरी ने 28 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक के सीयूजी नंबर पर फोन कर खुद को उच्च न्यायालय का जज बताते हुए एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए दबाव बनाया था। उसकी बातचीत और भाषा पर संदेह होने पर मामले की गोपनीय जांच कराई गई।
जांच में सामने आया कि संबंधित व्यक्ति बस्ती का ही निवासी है और फर्जी जज बनकर पुलिस पर दबाव डालकर गलत कार्य कराने का प्रयास कर रहा था। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी शशांक शेखर राय की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि विनय कुमार चौधरी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 318(4), 204, 221, 419, 420, 170, 186 तथा आईटी एक्ट की धारा 68 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित