जगदलपुर , दिसंबर 09 -- छत्तीसगढ के बस्तर रेंज में आरक्षक भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023-24 का अंतिम परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज द्वारा अनुमोदित चयन एवं प्रतीक्षा सूची के अनुसार सातों जिलों में कुल 1,592 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया को पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा 04 अक्टूबर 2023 को जारी विज्ञापन के आधार पर शुरू किया गया था।
इस बार बस्तर रेंज में दो भर्ती समितियाँ गठित की गई थीं। प्रथम समिति जगदलपुर में सुकमा, बीजापुर, बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों के लिए पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ सिन्हा की अध्यक्षता में बनाई गई थी। वहीं दूसरी समिति कोंडागांव में नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर जिलों के लिए पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चन्द्रा की अध्यक्षता में गठित की गई।
भर्ती प्रक्रिया का प्रथम चरण दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक नाप-जोख और दक्षता परीक्षा 16 नवंबर 2024 से 18 जनवरी 2025 तक कंगोली स्थित छसबल की 5वीं वाहिनी तथा कोंडागांव पुलिस लाइन में आयोजित किया गया। तत्पश्चात पात्र अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 14 सितंबर 2025 को व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा संपन्न कराई गई। आरक्षक (चालक) एवं आरक्षक (ट्रेड) के लिए ट्रेड टेस्ट भी 17 से 19 नवंबर 2025 तक आयोजित हुआ।
घोषित परिणामों में जिलावार चयन इस प्रकार हुआ नारायणपुर 470, बीजापुर 337, बस्तर 334, सुकमा 128, कांकेर 125, कोंडागांव 103 और दंतेवाड़ा में 55 पदों पर चयन किया गया है। उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही कि कुल चयनित अभ्यर्थियों में 464 महिलाएँ शामिल हैं, जो बस्तर क्षेत्र में महिला भागीदारी को मजबूत करती हैं।
इसके अलावा, मोटर वाहन चालक एवं विभिन्न ट्रेडों के लिए कुल 91 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिससे पुलिस बल की तकनीकी और परिचालन क्षमता में और बढ़ोतरी होगी।
आईजी सुंदरराज पट्टीलिंगम ने कहा कि यह भर्ती बस्तर में जनकेंद्रित पुलिसिंग को और सुदृढ़ करेगी तथा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत आधार देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित