जगदलपुर , अप्रैल 26 -- ) छत्तीसगढ़ में बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने कहा है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती लगातार जारी रहेगी। श्री सुंदरराज पी ने बताया कि वर्तमान में बस्तर रेंज के विभिन्न संवेदनशील और दूरस्थ इलाकों में चरणबद्ध तरीके से लगभग 410 गश्त एवं सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं।
आईजी ने कहा कि इन कैंपों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), भारत -तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बर (सीआरपीएफ), तथा जिला पुलिस के करीब 56 हजार जवान तैनात हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के उन्मूलन में इन सुरक्षा कैंपों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है और किसी भी अशांत क्षेत्र में तब तक सुरक्षा बलों की तैनाती बनी रहती है, जब तक वहां प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ नहीं हो जाती।
उन्होंने बताया कि इन सुरक्षा कैंपों का उद्देश्य केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इन्हें इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, सड़क, बिजली, बैंकिंग और आंगनबाड़ी जैसी मूलभूत सुविधाएं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक हिंसा और भय के माहौल से प्रभावित रहे बस्तर क्षेत्र में अब तेजी से सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। शासन-प्रशासन के सतत प्रयासों, विकास योजनाओं और स्थानीय जनता के सहयोग से शांति और स्थिरता का वातावरण मजबूत हो रहा है, जिससे जनजीवन सामान्य हो रहा है।
आईजी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद लगातार अभियान चलाकर क्षेत्र में शांति स्थापित करने में अहम योगदान दिया है। इसके साथ ही, सुरक्षा बलों ने स्थानीय समुदायों के साथ विश्वास और सहयोग का मजबूत रिश्ता भी कायम किया है। चिकित्सा शिविरों, खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से लोगों में भरोसा और सहभागिता की भावना को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि बस्तर अब शांति और विकास के नए दौर की ओर अग्रसर है और इस सकारात्मक परिवर्तन को स्थायी बनाने के लिए प्रशासन, समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस और सुरक्षा बल भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता और सेवा भाव के साथ क्षेत्र की सुरक्षा, शांति और समृद्धि के लिए कार्य करते रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित