जगदलपुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 3.348 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बरामद गांजे की की अनुमानित कीमत 1,67,400 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार किये गये आरोपियों की पहचान देवी नारायण नागवंशी (26) और बबलू कश्यप (19) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को को थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल से उड़ीसा की ओर से जगदलपुर की तरफ आ रहे हैं और उनके पास एक बैग में अवैध गांजा रखा हुआ है, जिसे बिक्री के उद्देश्य से लाया जा रहा है।

सूचना की पुष्टि के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने गोरियाबाहर नाला के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और दोनों युवकों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद लाल रंग के बैग से सेलो टेप में लिपटे दो पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 3.348 किलोग्राम गांजा पाया गया।

आरोपियों से पूछताछ में वे इस गांजे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें 05 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में प्रस्तुत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित