जगदलपुर , मार्च 13 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर जिला प्रशासन की ओर से जन समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को बास्तानार विकासखंड में जन चौपाल का व्यापक आयोजन किया गया।
लोहंडीगुड़ा और बकावंड विकासखंडों की सफलता के बाद, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी आकाश छिकारा के निर्देशानुसार सुबह 10 बजे से ही बास्तानार की सभी 34 ग्राम पंचायतों में नोडल अधिकारियों ने मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस अभियान के तहत अनुविभागीय दण्डाधिकारी शंकर लाल सिन्हा ने राजस्व और जनपद पंचायत के अधिकारियों के साथ मिलकर विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की सघन समीक्षा की। तहसीलदार और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला जन सम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार,निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांवों के स्कूलों, आंगनबाड़ियों, उचित मूल्य की दुकानों और स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा कर वहां दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता को बारीकी से परखा। इस दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, हर घर नल-जल मिशन, राष्ट्रीय टीकाकरण और मध्यान्ह भोजन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति देखी गई। केंद्रों में दवाइयों की उपलब्धता और साफ-सफाई के मानकों का भी विशेष जायजा लिया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं। स्कूलों में बच्चों को दिए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार की भी जांच की गई।
उन्होंने बताया कि व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने के लिए अपराह्न बजे पंचायत नोडल अधिकारियों ने सीधे ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित किया। ग्राम पंचायत भवनों में आयोजित इस चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा, जिससे प्रशासन को जमीनी स्तर की चुनौतियों को सीधे समझने का अवसर मिला। इस जन संवाद में ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, बिजली की समस्या और राशन वितरण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया, वहीं जिन समस्याओं के निराकरण में समय लगने वाला था, उनके लिए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस पहल से ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया और उन्होंने प्रशासन की इस जनहितैषी पहल की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित