जगदलपुर, नवंबर 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष और विधायक किरण देव के प्रयासों का बड़ा परिणाम सामने आया है। बस्तर दशहरा महापर्व से जुड़े मांझी, चालकी, सेवादार, मेंम्बरीन, पुजारियों, मुंडा बाजा वादक, रथ निर्माण से जुड़े सदस्यों सहित अन्य पारंपरिक पदाधिकारियों के मानदेय राशि को राज्य शासन ने मंजूरी प्रदान कर दी है। इससे सभी पात्र लोगों को जल्द मानदेय प्राप्त होगा।
पहले इन सभी पारंपरिक पदाधिकारियों मांझी, चालकी, सेवादार, मेंम्बरीन, पुजारी, मुंडा बाजा वादक और रथ निर्माण सदस्यों ने वर्ष 2025-26 के मानदेय आवंटन की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक किरण देव से मुलाकात की थी। मांग को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तुरंत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल से पत्र लिखकर और चर्चा कर मानदेय स्वीकृति की आवश्यकता रखी थी।
सरकार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए बस्तर दशहरा काछनदेवी, रैला देवी, गुरु माय, मुंडा बाजा वादक, पूजा संवाहक, जोगी बिठाई रस्म और रथ निर्माण सदस्यों के लिए 1,99,500 रुपए, बस्तर संभाग के मांझी और चालाकियों के लिए 22,20,000 रुपए, मेंम्बरीन के लिए 1,80,600 रुपए, तथा पुजारियों और सेवादारों के लिए 9,40,800 रुपए की राशि स्वीकृत कर दी है।
श्री देव ने कहा कि 75 दिनों तक चलने वाला बस्तर दशहरा महापर्व विश्व प्रसिद्ध है और इसके निर्विघ्न आयोजन में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बस्तरवासियों की सामूहिक भागीदारी से यह विशाल आयोजन सफल होता है। उन्होंने मानदेय स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री और मंत्री का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित