जम्मू , मार्च 05 -- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी में ऐतिहासिक जीत के बाद जम्मू और कश्मीर को बधाई देते हुए कहा कि इस क्षेत्र में यह क्रिकेट के लिए एक गर्व की बात है।
बीसीसीआई ने आज सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, "रणजी ट्रॉफी में जम्मू और कश्मीर की ऐतिहासिक जीत इस क्षेत्र में क्रिकेट के लिए एक गर्व की बात रहेगी। अपनी यादगार जीत के बाद, खिलाड़ियों ने आईसीसी के चेयरमैन जय शाह से मिलने और उनके साथ यह खास पल साझा करने की दिली इच्छा जताई और बीसीसीआई सेक्रेटरी के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान जम्मू और कश्मीर में क्रिकेट को मजबूत करने में उनके नेतृत्व की भूमिका को स्वीकार किया।"उन्होंने कहा, "हम टीम से मिलने के लिए समय निकालने और इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाते हुए खिलाड़ियों के साथ हौसला बढ़ाने के लिए श्री शाह का दिल से शुक्रिया अदा करते हैं। भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक शानदार अध्याय लिखने के लिए पूरी जम्मू-कश्मीर टीम और क्रिकेट जगत को बधाई।"बीसीसीआई ने इस दौरान जय शाह के साथ जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों की मुलाकात की तस्वीरों को भी साझा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित