बलरामपुर , मार्च 15 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में निराश्रित एवं घुमंतू गौवंश के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य शासन की गौधाम योजना के तहत जिले के पहले सुरभि गौधाम श्याम-श्यामा गौशाला, देवीगंज का वर्चुअल शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर से इस योजना की शुरुआत करते हुए प्रदेश के 29 गौधामों का लोकार्पण किया। जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कृषिमंत्री रामविचार नेताम के उद्बोधन को सुनने की व्यवस्था की गई थी। बिलासपुर में आयोजित इस कार्यक्रम को सभी 28 जिलों में देखा सुना जा सकता था।

जनपद पंचायत रामचंद्रपुर से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, इस दौरान जनपद पंचायत रामचन्द्रपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौधाम योजना से निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा और पशुपालकों को प्रशिक्षण देकर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

जनपद पंचायत रामचन्द्रपुर के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के प्रथम सुरभि गौधाम श्याम-श्यामा गौशाला, देवीगंज का वर्चुअल शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव, गौसेवा आयोग के जिला अध्यक्ष आशीष केषरी सहित कई जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गौधाम योजना के माध्यम से निराश्रित और घुमंतू गौवंश के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश में 29 गौधामों की शुरुआत के साथ अब सड़कों और खेतों में घूमने वाले गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि गौधामों में पशुओं के लिए चारा-पानी और देखभाल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उनकी सेवा के लिए गौसेवकों की नियुक्ति भी की जाएगी, जिन्हें शासन की ओर से मानदेय दिया जाएगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज ने कहा कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में निराश्रित गौवंश को सुरक्षित स्थान मिलेगा और गांवों में स्वच्छ व व्यवस्थित वातावरण बनाने में भी मदद मिलेगी। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव ने कहा कि गौधाम योजना से सड़कों पर घूमने वाले पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित