देहरादून , दिसम्बर 19 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के नयी एवं गतिमान परियोजनाओं की समीक्षा की और विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। श्री बर्द्धन ने प्रोजेक्ट की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है।
मुख्य सचिव ने 2022-23 में स्वीकृत पिथौरागढ़-बागेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग 309ए निर्माण का प्रस्ताव अभी तक केन्द्र सरकार को न भेजे जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इस लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, उन्होंने मार्च 2024 में स्वीकृत काठगोदाम-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए वन एवं वन्यजीव स्वीकृतियों के लिए डेटा अपलोड में लापरवाही पर अधिशासी अभियंता को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी प्रोजेक्ट्स की विभिन्न स्तरों में नियमित निगरानी करते हुए कार्यों में तेजी जाए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली लंबित परियोजनाओं की समीक्षा बैठकों को नियमित रूप से आयोजित किया जाय। उन्होंने सभी विभागों द्वारा अपनी समस्याओं और मुद्दों को प्रमुखता से स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने विभिन्न सड़कों की 3(जी) और 3(डी) की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभिन्न सड़कों के निर्माण में पेड़ कटिंग के लिए छपान और कटान की कार्यवाही में देरी पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 दिसम्बर तक कार्यवाही शुरू किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से भी लगातार सम्पर्क कर नियमित परियोजनओं की जानकारी जुटायी जाए।
श्री बर्द्धन ने गतिमान प्रोजेक्ट्स में भी तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एनएचएआई के कोटद्वार बाईपास, झाझरा-आशारोड़ी, हरिद्वार-नजीबाबाद एवं देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस वे की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने सभी परियोजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समय में कार्य पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए हैं।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, सी. रवि शंकर, अपर सचिव विनीत कुमार एवं पीसीसीएफ एसपी सुबुद्धि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित