भीलवाड़ा , फरवरी 13 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के माधोपुर में बर्तन साफ करने वाला रसायन पीने से चार श्रमिकों की मौत हो गयी। इनमें तीन महिला भी शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि माधोपुर गांव के रतन कंजर और उसकी पत्नी बदामी, सुशीला देवी और जमनी देवी ने गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में एक शादी समारोह में बर्तन धोने का ठेका लिया था। काम पूरा होने के बाद वे वहां से बर्तन साफ करने वाले रसायन की बोतलें अपने साथ घर ले आए। पुलिस का अनुमान है कि नशे की ललक में उन्होंने शराब समझकर इसका सेवन कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार को तबीयत बिगड़ने पर जमनी, सुशीला और रतन को गंगापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्होंने रात में दम तोड़ दिया, वहीं बदामी देवी को महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां आज तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। सामूहिक मौत की इस खबर से पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग अत्यंत सक्रिय हो गया।
उधर मामले की गंभीरता को देखते हुए गंगापुर पुलिस का एक विशेष दल जांच के लिए भीलवाड़ा पहुंचा है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस शहर के लक्ष्मी नारायण मंदिर रोड स्थित एक दुकान पर गहन जांच कर रही है। संभवतः इसी दुकान से वह रसायन खरीदा गया था, जिसके सेवन से यह हादसा हुआ। पुलिस दुकान संचालक से पूछताछ कर रही है और स्टॉक के नमूनों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित