बागपत , फरवरी 16 -- उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में बर्तन बेचने वाले एक युवक की ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी गई। सोमवार को उसका शव एक नलकूप के पास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर खेड़ा हटाना गांव के जंगल में सोमवार सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि दोपहर बाद मृतक की पहचान संभल जिला निवासी शमशाद के रूप में हुई। वह वर्तमान में बागपत के निवाड़ा गांव में किराए के मकान में रह रहा था। ग्रामीणों के अनुसार शमशाद गांव-गांव फेरी लगाकर बर्तन बेचने का कार्य करता था। घटनास्थल के पास ही उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली, जिस पर बर्तन लदे हुए थे।

पुलिस के मुताबिक मृतक के चेहरे और सिर पर कई गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि एक दिन पूर्व ईंटों से पीटकर उसकी हत्या कर शव को नलकूप के पास फेंक दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के शीघ्र खुलासे के लिए बड़ौत पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं, जो पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में जांच में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित