बरेली , दिसंबर 18 -- भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह बरेली से कैंची धाम दर्शन लिए जा रही श्रद्धालु से भरी स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। भीषण दुर्घटना में बरेली स्थित थाना इज्जतनगर निवासी तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। खाई में गिरी स्कॉर्पियो से घायलों को कड़ी मशक्कत बाद बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि दुर्घटना में ऋषि पटेल (7) , स्वाति (20), अक्षय (20) , ज्योति (25) , करन (25), राहुल पटेल (35) , गंगा देवी (56) , बृजेश कुमारी (26) और नैंसी गंगवार (24) घायल हो गये।
सीएचसी डॉक्टर रमेश कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही गंगा देवी , नैंसी गंगवार और बृजेश कुमारी की मौत हो चुकी थी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए शेष छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के उच्च चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित