बरेली , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले की प्रेमनगर पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर धन उगाही करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, इन्द्रानगर निवासी मनीष गंगवार ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पूजा शर्मा नामक महिला ने उन्हें हनीट्रैप में फंसाकर संबंध स्थापित किए और बाद में दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप में झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। आरोप है कि महिला ने पहले 10 लाख रुपये वसूले और बाद में 12 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। रकम न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती रही।
पीड़ित की तहरीर पर थाना प्रेमनगर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की। पुलिस ने पूजा शर्मा समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शनिवार दाेपहर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य अभियुक्त पूजा शर्मा (37) निवासी वीर सावरकर नगर, थाना इज्जतनगर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित