बरेली , अप्रैल 05 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल राजमार्ग पर हुये सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बीती देर शाम यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर खड़े शीरे से भरे टैंकर से बोलेरो कार अनियंत्रित होकर टकरा गई और बीच में एक बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गया।
उन्होने बताया कि हाईवे से गुजर रही बोलेरो फिसलकर टैंकर में जा घुसी, जिसकी चपेट में बाइक सवार दो लोग भी आ गए। हादसे में बोलेरो सवार मनमोहन सिंह पुत्र नत्थू लाल निवासी टांडा सिकंदरपुर नगरिया विक्रम, एक अज्ञात व्यक्ति तथा बाइक सवार शहजाद खां पुत्र बाले खां और मुमताज पुत्र इमदाद खां निवासी अटा कायस्थान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित