बरेली , जनवरी 02 -- उत्तर प्रदेश के बरेली में फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे डॉक्टर प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे लगभग 60 वर्ष के थे।
शुक्रवार दोपहर बरेली सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह समीक्षा बैठक आयोजित की थी। जिसमें सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी आमंत्रित किए गए थे। प्रोफेसर डॉक्टर श्याम बिहारी लाल इस कार्यक्रम में गए। बैठक उपरांत उन्होंने भोजन भी किया इसी दौरान उन्हें कुछ घबराहट लगी और वह उठकर चल दिए। इस बीच उन्हें अचानक पसीना आया तो वह सर्किट हाउस में आराम करने चले गए।
उन्होंने कुछ ज्यादा घबराहट की शिकायत की जिस पर उन्हे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां विधायक को वेंटिलेटर पर रखा गया। लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और निधन हो गया। जानकारी मिलने पर बड़ी तादाद में लोग उनके आवास और अस्पताल पहुंच गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित