बरेली , नंवबर 27 -- बरेली में जज असगर अली की वकील भतीजी की दहेज के लिए हत्या कर दी गई।इस मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पति और मां गिरफ्तार किया है। बाकी अन्य आरोपी फरार हो गये। उनकी तलाश हो रही है।
बरेली में पुराना शहर थाना बरदारी क्षेत्र निवासी डॉक्टर हाशिम की लड़की वकील एलएलएम की तैयारी कर रही थी। इस बीच उसका विवाह 27 फरवरी 2025 में हो गया। अधिवक्ता महजबीन (25) की शादी प्रेमनगर थाना क्षेत्र शाहाबाद निवासी डॉक्टर तलहा से हुई थी।
महजबीन के चाचा, पेशे से वकील और आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष अच्छन अंसारी ने बताया कि शादी में परिवार ने खूब दान-दहेज दिया था। शादी में कार भी दी थी, लेकिन ससुराल वाले लगातार ऑटोमैटिक कार की मांग कर रहे थे। बुधवार देर रात ससुराल वालों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसके गले पर निशान भी पड़े हुए हैं।
मृतक के चाचा ने बताया कि भतीजी ने फोन पर जानकारी दी थी कि ये लोग ऑटोमैटिक कार की मांग कर रहे हैं। इस पर वे लोग ससुराल भी गए थे और बात की थी, लेकिन इसके बाद भी ससुराल वाले उसका उत्पीड़न करते रहे। एलएलएम पढ़ाई भी छुड़वा दी थी।
बारादरी थाना क्षेत्र सहसवानी टोला निवासी पिता डॉक्टर हाशिम अंसारी ने बताया कि उन्होंने बेटी को खूब पढ़ाया-लिखाया। उसे एलएलबी करवाई और उसने प्रैक्टिस भी शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि बेटी एलएलएम कर रही थी, लेकिन दामाद तलहा डॉक्टर है, इसलिए उसने एलएलएम की पढ़ाई छुड़वा दी थी और कह रहा था कि इसे डॉक्टर बनाएंगे। शादी के सिर्फ नौ महीने हुए थे कि उनकी बेटी की हत्या कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित