पटना , मई 04 -- पटना में वर्षा की शुरुआत होते ही पटना नगर निगम ने जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त और प्रभावी बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
निगम की टीमें पहले से तैयार रणनीति के तहत फील्ड में सक्रिय हैं, जिससे किसी भी स्थिति में जलजमाव न होने पाए और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा स्वयं विभिन्न संवेदनशील स्थलों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। वे मौके पर ही जलनिकासी कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं, जिससे कार्यों की गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित हो रही हैं। वरिष्ठ अधिकारियों की सतत निगरानी में सभी फील्ड टीमें पूर्ण मुस्तैदी, समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही हैं।
गौरतलब है कि पटना नगर निगम क्षेत्रांतर्गत वर्तमान में विभिन्न विभागों की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं जैसे सड़क, नाला, सीवर, मेट्रो आदि सक्रिय रूप से संचालित हैं। वर्षा के दौरान इन निर्माण स्थलों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो और जलनिकासी निर्बाध बनी रहे, इसके लिए नगर निगम द्वारा पहले से ही प्रत्येक स्थल के लिए बिंदुवार कार्ययोजना एवं वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार कर ली गई हैं।इसके अतिरिक्त, शहर के सभी जल्ला क्षेत्रों तथा उन इलाकों के लिए, जहां क्षेत्र की प्राकृतिक बनावट के कारण जलजमाव की आशंका बनी रहती है, विशेष रणनीति पूर्व निर्धारित की गई है। इस व्यापक योजना के तहत प्रत्येक संवेदनशील स्थान के लिए अलग-अलग कार्रवाई का खाका तैयार किया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी हस्तक्षेप सुनिश्चित किया जा सके।
मौसम विभाग के पूर्वानुमानों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की टीमें पहले से ही अलर्ट मोड में कार्यरत हैं। तय रणनीति के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई करते हुए जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे मानसून के दौरान नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित