मोहाली , फरवरी 27 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मार्केट कमेटी चेयरमैन (खरड़) हरकेश चंद शर्मा, मछली कलां ने शुक्रवार को बताया कि कलबरनाला में होने वाली विशाल रैली के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी बरनाला पहुंचकर पंजाब वासियों को संबोधित करेंगे। रैली के दौरान 'मनरेगा बचाओ अभियान' के तहत देश भर के गरीब वर्ग, मजदूरों और किसानों के हक के लिए पुरजोर आवाज उठाई जाएगी।

श्री शर्मा ने कहा कि रैली के लिए मोहाली से 20 से अधिक बसों और 100 से अधिक गाड़ियों के बड़े काफिले की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। उन्होंने कहा कि यह काफिला सुबह सात बजे पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में ग्रैंड रोमानिया, लांडरां-बनूड़ मार्ग स्थित गांव दैड़ी से रवाना होगा। इस काफिले में मोहाली और आसपास के इलाकों से भारी संख्या में हजारों कार्यकर्ता और समर्थक रैली में शामिल होंगे।

श्री शर्मा ने कहा कि मनरेगा योजना गरीब और मजदूर वर्ग के लिए जीवन रेखा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस योजना को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का डटकर विरोध किया जाएगा। रैली के दौरान आम लोगों के अधिकारों, रोजगार की सुरक्षा और गांवों के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उभारा जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि मनरेगा स्कीम को कमजोर करके देश के मजदूरों को बेरोजगारी की ओर धकेला जा रहा है। कांग्रेस हमेशा गरीबों, किसानों और मजदूरों की आवाज बनी है और आगे भी जन-विरोधी नीतियों का डटकर मुकाबला करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि श्री गांधी हमेशा से ही गरीबों, मजदूरों, किसानों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते आये हैं। वह केवल बयानों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़कर उनकी आवाज संसद तक पहुंचाते हैं। मनरेगा की रक्षा, महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित