धार , फरवरी 10 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की बदनावर तहसील के ग्राम बिडवाल में शादी समारोह के दौरान निकाले जा रहे बनोले (जुलूस) पर अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा पत्थर और स्टील की रॉड फेंकने की घटना सामने आई है। इस घटना में एक महिला के सिर में चोट आई है, जबकि कुछ अन्य लोगों को मामूली चोटें पहुंची हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
कानवन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिडवाल में नयन नामक युवक की शादी के अवसर पर सोमवार रात करीब 10 बजे पाटीदार समाज का बनोला निकाला जा रहा था, जिसमें लगभग 200 से अधिक लोग शामिल थे। जब जुलूस अंबिका माता मंदिर के पास पहुंचा, तभी अज्ञात लोगों ने पत्थर और स्टील की रॉड फेंक दी। इस दौरान मायाबाई पति सत्यनारायण, उम्र 39 वर्ष, के सिर में चोट आई, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बदनावर एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर एवं कानवन थाना प्रभारी अभय नेमा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को संभाला और रात में ही शांतिपूर्ण तरीके से शादी समारोह संपन्न कराया गया। आसपास के समाजजन भी घटना की जानकारी मिलने पर गांव पहुंचे।
मंगलवार सुबह पुलिस टीम ने पुनः गांव पहुंचकर शादी समारोह में शामिल पाटीदार समाज के लोगों से घटना को लेकर जानकारी ली। फिलहाल पत्थर फेंकने वालों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीणों द्वारा कुछ युवकों पर संदेह जताया गया है, वहीं पुलिस ने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने घायल मायाबाई की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन में पूरे मामले की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी अभय नेमा ने बताया कि जुलूस पर पत्थर फेंके जाने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित