बदायूं , अप्रैल 6 -- उत्तर प्रदेश में बदायूं के मुजरिया क्षेत्र में बीती देर रात एक बारात को ले जा रही निजी बस और गेहूं काटने की मशीन की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बदायूं-दिल्ली मार्ग पर बीती रात लगभग 11:30 बजे यह हादसा उस समय हुआ जब शोएब अली की बारात को ले जा रही बस को पीछे से तेज गति से आ रही गेहूं कटर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई बाराती सीट समेत सड़क पर गिर गए।

मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने साजिद (25) और फरहान (12) को मृत घोषित किया। छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हृदेश कुमार कठेरिया ने बताया कि दोनों वाहनों को रात में सड़क से हटा कर आवागमन सुचारू कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित