पटना , जनवरी 22 -- राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव की सुरक्षा व्यवस्था में कमी किए जाने पर गंभीर आपत्ति की और कहा कि यह बदले की भावना से की गई कर्रवाई और विपक्ष की आवाज को दबाने की साजिश है।
श्री अहमद ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार सरकार जिस तरह से कार्य कर रही है उससे स्पष्ट है कि विपक्ष के खिलाफ साजिश के तहत इस प्रकार की कर्रवाई की जा रही है। विपक्ष की तरफ से संघर्ष और आंदोलन शुरू करने से पहले ही श्री तेजस्वी की सुरक्षा में कमी सरकार की घबराहट और बेचैनी को जाहिर करता है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि श्री तेजस्वी जिस तरह से सरकार को आईना दिखाने का कार्य करते रहे हैं, उससे सरकार के लोग बेचैन हैं और इसी के परिणामस्वरुप उनकी सुरक्षा व्यवस्था में कमी की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित