चमोली , जनवरी 23 -- उत्तराखंड की आस्था का शिखर कहे जाने वाले बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि का शुक्रवार को विधिवत एलान किया गया। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर टिहरी के नरेंद्र नगर राजदरबार में शास्त्रोक्त परंपराओं के अनुरूप पंचांग गणना के बाद बदरीनाथ के कपाट 23 अप्रैल को खोलने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजदरबार में आयोजित धार्मिक समारोह के दौरान महाराजा मनु जयेंद्र शाह ने स्वयं कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की। राजपुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने महाराजा की जन्मकुंडली, ग्रह-नक्षत्र और शुभ योगों का सूक्ष्म अध्ययन कर बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को सुबह सवा छह बजे शुभ मुहूर्त में खोलने की तिथि निर्धारित की। परंपरा अनुसार पंचांग पाठ, वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष अनुष्ठानों के बाद यह घोषणा की गई।

इस ऐतिहासिक अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति, तीर्थ पुरोहित, डिमरी समाज के प्रतिनिधि तथा अनेक धार्मिक गणमान्यजन उपस्थित रहे। राजदरबार में जैसे ही तिथि की घोषणा हुई, पूरा वातावरण "जय बद्री विशाल" के उद्घोष से गूंज उठा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित