श्रीगंगानगर , दिसम्बर 06 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर पुलिस ने कुख्यात बदमाश से जुड़े स्थानीय नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक और कार्रवाई करते हुए अपराधियों से संबंध रखने के आरोप में एक महिला को शनिवार को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि पुरानी आबादी के वार्ड नंबर 11 में ताराचंद वाटिका और कारगिल पार्क के पास रहने वाली पल्लवी शर्मा (28), पत्नी जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पल्लवी पर आरोप है कि वह बदमाशों के गुर्गों को आर्थिक मदद पहुंचाने में शामिल थी और अपने बैंक खातों के जरिए पैसे स्थानांतरित करवाती थी।

उन्होंने बताया कि इससे पहले पुलिस ने तीन दिन पूर्व अर्पित शर्मा (31) को गिरफ्तार किया था। अगले दिन पुलिस हिरासत मिलने पर उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच जीवित कारतूस बरामद किए। जांच में पता चला कि संगठित अपराध करने वाले बदमाश पल्लवी शर्मा की मदद से अपने लोकल गुर्गों को पैसे उपलब्ध करवाते थे। पल्लवी अपने बैंक खाते में पैसे मंगवाती थी और फिर उन्हें आगे स्थानांतरित करती थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित