झाबुआ , मार्च 10 -- मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 752डी के बदनावर-पेटलावद-थांदला-टिमरवानी सेक्शन के फोर लेन निर्माण को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 3 हजार 839 करोड़ रुपये बताई गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस परियोजना को स्वीकृति मिलने पर आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कॉरिडोर उज्जैन से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के टिमरवानी इंटरचेंज तक सीधी फोर लेन कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से इंदौर, पीथमपुर, उज्जैन और देवास के औद्योगिक केंद्रों तक पहुंच सुगम होगी तथा झाबुआ और धार जिले के समग्र आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्वीकृति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन में भी काफी सुविधा होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित