भरतपुर , अप्रैल 01 -- राजस्थान में धौलपुर के सदर थाना क्षेत्र में नेकपुर गांव में बजरी माफियाओं की बढ़ती दबंगई से आक्रोशित एवं भयभीत ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदर्शन किया और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौपा।

ग्रामीणों का आरोप है कि चंबल बजरी से भरे तेज गति से वाहन चलाने वाले ट्रैक्टर चालकों को टोकने एवं अश्लील गाने बजाने से रोकने पर वे महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करके गाली-गलौज पर उतारू हो जाते हैं तथा कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट का प्रयास करते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले को लेकर सदर थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी पर कार्रवाई नहीं होने से भी ग्रामीण व्यथित हैं। बजरी माफियाओं की इन गतिविधियों से गांव में दहशत का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित