बैतूल , फरवरी 1 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने केंद्र सरकार के बजट को देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि यह बजट केवल एक वर्ष की योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले दस वर्षों में भारत की दिशा और दशा तय करेगा। उन्होंने इसे विश्वास, विकास और आत्मनिर्भरता का बजट करार देते हुए कहा कि यह देश को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के नए युग में आगे बढ़ाने वाला साबित होगा।

खंडेलवाल ने कहा कि अब तक भारत चिप निर्माण के क्षेत्र में अन्य देशों पर निर्भर था, जबकि ताइवान, अमेरिका और चीन इस तकनीक में अग्रणी रहे हैं। लेकिन इस बजट में सेमीकंडक्टर और रेयर अर्थ मेटल के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ठोस आधार तैयार किया गया है। इससे भारत न केवल तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भी अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

उन्होंने बताया कि बजट में लॉजिस्टिक्स लागत कम करने, टैक्स प्रणाली को सरल बनाने और उद्योगों को दंडात्मक कार्रवाई के बजाय सहूलियतें देने पर विशेष जोर दिया गया है। इससे व्यापार करना आसान होगा और निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा। खंडेलवाल ने कहा कि सरल टैक्स व्यवस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को स्वेच्छा से कर भुगतान के लिए प्रेरित करना है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी।

मेडिकल टूरिज्म को लेकर भी बजट में अहम प्रावधान किए गए हैं। खंडेलवाल ने कहा कि भारत में पहले से ही सस्ता और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध है। अब सरकार के प्रोत्साहन से देश आने वाले वर्षों में विश्व का प्रमुख मेडिकल टूरिज्म हब बन सकता है। इससे न केवल स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती मिलेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

पर्यटन क्षेत्र को नई गति देने के लिए टूरिज्म सर्किट और बुद्धिस्ट सर्किट के विकास की योजनाओं को बजट में विशेष स्थान दिया गया है। इससे भारत की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा और छोटे व्यवसायों को भी मजबूती मिलेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि रेल कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल हब के विकास से मध्य प्रदेश को सीधा लाभ मिलेगा। केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही सहायता से प्रदेश का बजट और मजबूत होगा तथा विकास कार्यों में तेजी आएगी। इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और प्रदेश औद्योगिक विकास के नए मुकाम हासिल करेगा।

अंत में खंडेलवाल ने कहा कि यह बजट केवल योजनाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित भारत के सपने को साकार करने का रोडमैप है। यह हर नागरिक के विश्वास को मजबूत करता है और देश को आत्मनिर्भर, समृद्ध तथा वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने वाला साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित