मुंबई , फरवरी 23 -- महाराष्ट्र विधानमंडल का बजट सत्र के सोमवार को पहले विधानसभा और विधान परिषद दोनों सदनों में शोक प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद सत्ताधारी गठबंधन और विपक्ष के नेताओं ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को याद करते हुए अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
यह बजट सत्र 25 मार्च तक चलेगा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र का बजट 06 मार्च को प्रस्तुत करेंगे। श्री अजीत पवार के निधन के बाद वित्त विभाग का प्रभार श्री फडणवीस ने ही संभाला है, जबकि पहले उपमुख्यमंत्री के रूप में श्री अजीत पवार इस मंत्रालय के प्रमुख थे।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत अजीत पवार के साथ अपनी अंतिम मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "अजीत दादा का जन्म राहुरी तालुका में हुआ था और उनके मामा कदम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े परिवार से थे। उनके मामा संघ के पदाधिकारी थे। उनका बचपन अपने मामा के घर पर बीता, इसलिए वे संघ के कार्य से परिचित थे। हालांकि, दादा ने शरद पवार के नेतृत्व में राजनीति में प्रवेश किया। शिक्षा पूरी करने के बाद अजीत दादा ने टमाटर की खेती और मुर्गी पालन शुरू किया था, यही कारण था कि वह आम लोगों की कठिनाइयों को जानते थे। उनकी राजनीतिक यात्रा सहकारी और कृषि क्षेत्रों में काम करने से शुरू हुई। यदि आप उन बजटों को देखें, जिन्हें उन्होंने प्रस्तुत किया था, तो पाएंगे कि उनका ध्यान राजकोषीय स्थिरता पर था। वह खर्च कम करते थे और राजस्व बढ़ाते थे। वह विकास को प्राथमिकता देते थे। अजीत दादा महाराष्ट्र के वह सबसे अच्छे मुख्यमंत्री थे, जो उस पद तक नहीं पहुंच पाए।"श्री फडणवीस ने आगे कहा, "अजीत पवार अक्सर एक दिन मुख्यमंत्री बनने के बारे में मजाक करते थे, लेकिन तुरंत मुस्कुराहट के थ जोड़ देते थे कि वे हमेशा उपमुख्यमंत्री ही रहेंगे। 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु होने के बाद अजीत पवार एक महत्वपूर्ण राजनीतिक विरासत छोड़ गए हैं। उन्होंने छह बार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया, जो राज्य की राजनीति में एक दुर्लभ रिकॉर्ड है। उन्होंने 11 बार महाराष्ट्र का बजट भी पेश किया, जो राज्य के इतिहास में किसी भी नेता के लिये यह दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है।"श्री फडणवीस ने महाकवि भास की रचना एक प्राचीन राजनीतिक और प्रेमपूर्ण संस्कृत नाटक 'स्वप्न वासवदत्तम्' (वासवदत्ता का स्वप्न) की एक पंक्ति भी पढ़ी, जो कौशांबी के राजा उदयना और उनकी रानी वासवदत्ता के प्रति उनके गहरे प्रेम की कहानी पर आधारित है, साथ ही उन घटनाओं पर भी आधारित है जो तब घटित होती हैं जब उन्हें लगता है कि उनकी रानी आग में जलकर मर गई हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा, "आज अजीत दादा हमारे साथ नहीं हैं, केवल उनकी यादें शेष हैं। जनकवि पी. सावलाराम के एक गीत की पंक्ति है -'जनसेवा का कंगन बांधकर, तीनों लोकों को जीतकर, सिंहासन को अपना हृदय अर्पित करना, प्रतिदिन मानवता की पूजा करना; जो सभी को प्रसन्न करता है, वही ईश्वर को प्रसन्न करता है'। यह पंक्ति बहुत मार्मिक है। मैं प्रार्थना करता हूँ कि उनकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले।"दिवंगत नेता के बारे में बोलते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "अजीत दादा के जाने से लाखों लोग अनाथ हो गए हैं। 2024 में सरकार बनाने के लिए चल रही प्रेस वार्ता के दौरान दादा ने अचानक मजाक में कहा था कि 'मुझे एकनाथ का तो पता नहीं, लेकिन मैं उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहा हूँ' और सब हंस पड़े थे। जब मुख्यमंत्री ने कार्यभार संभाला, तो हमें 'लाड़की बहिन योजना' शुरू करनी थी। हमने इस पर विस्तार से चर्चा की और राज्य के वित्तीय संतुलन को बिगाड़े बिना इसे लागू किया।" श्री शिंदे ने याद किया कि कैसे दादा परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को फटकार लगाने से नहीं कतराते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित