अलवर , फरवरी 01 -- राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डा प्रेमचंद बैरवा ने केंद्रीय बजट को विकसित भारत - 2047 का सपना साकार करने वाला बताया है।
डा बैरवा ने रविवार को अलवर में एक कार्यक्रम के बाद बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब से कार्यभार संभाला है, तब से भारत उन्नति के रास्ते पर चल रहा है। कांग्रेस शासन में पहले आर्थिक दृष्टि से भारत 11वें पायदान पर था, लेकिन अब चौथे पायदान पर है और इसको तीसरे पायदान पर पहुंचाने के लिए श्री मोदी पूरा प्रयास कर रहे हैं ।
उन्होंने कहा कि यह बजट 2047 विकसित भारत का बजट है। भारत को आगे बढ़ाएगा। हर क्षेत्र में, हर वर्ग में, हर समाज में सबको समान दृष्टि से दिया गया है। समाज को मुख्य धारा में जोड़ने का काम किया गया है। इस बजट में महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीबों का सबका ध्यान रखा गया है और राजस्थान को भी काफी सौगात प्रदान की गई है। देश में तीन आयुर्वेदिक संस्थान खोले गए हैं जो एम्स के मुकाबले के होंगे। हर जिले में ट्रॉमा सेंटर की घोषणा की गई है। हर जिले में कन्या छात्रावास की घोषणा की गई है। यह प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने वाला बजट है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित