अलवर , फरवरी 11 -- केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बुधवार को राजस्थान सरकार द्वारा पेश किया गया बजट राज्य के चहुँमुखी विकास को और अधिक गति देने का मार्ग है।

श्री यादव ने राजस्थान में अलवर में कहा कि बहुआयामी विकास को समर्पित और लोक कल्याणकारी बजट के लिए मैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी और वित्त मंत्री दिया कुमारी एवं उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं देता हूँ। उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली, महिलाओं के सम्मान, गरीबों के कल्याण और युवाओं के सपनों को नई ऊँचाइयाँ देने के लिए समर्पित यह बजट राजस्थान में समृद्धि सुनिश्चित करेगा।

श्री यादव ने कहा कि इस बजट से अलवर लोकसभा क्षेत्र के लिए कई सौगातें हैं। अलवर में तीन लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के डेयरी संयंत्र के लिए 200 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। अलवर के शहरी क्षेत्र में जलभराव की समस्या के निस्तारण और वर्षा जल की व्यवस्थित निकासी के लिए कार्य कराए जाएंगे। प्याज एवं सब्जियों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित