, Feb. 11 -- ....निर्दलीय सांसद विशाल दादा पाटिल ने कहा कि सरकार बजट में बड़ी बड़ी बातें करती है लेकिन वास्तविकता से इसका कोई लेना देना नहीं है। इसमें युवाओं, किसानों के लिए कुछ खास नहीं है। उन्होंने जल जीवन मिशन को लेकर सिर्फ बजट बना दिया जाता है लेकिन खर्च नहीं कर पाते हैं। सरकार की जो नीतियां है उससे देश की तस्वीर नहीं बदलने वाली है।
भाजपा के डा. जयंत कुमार राय ने कहा कि बजट अर्थव्यवस्था को बहुत मजबूत करने वाला है। तृणमूल कांग्रेस की सरकार हर स्तर पर पश्चिम बंगाल में विफल हो गयी है इसलिए बजट पर चर्चा में वह बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। वास्तव में इस बजट से पश्चिम बंगाल को बहुत लाभ होने वाला है। इस बजट में सरकार ने जो योजनाएं बनायी है उन सबका लाभ राज्य को मिलने वाला है। पश्चिम बंगाल शासन के बजाय तुष्टीकरण करने का काम कर रही है।
भारत आदिवासी पार्टी के राज कुमार रौत ने कहा कि इस बजट में जरूरतमंद लोगों की उपेक्षा की गयी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सौ से अधिक स्कूलों को बंद करके गरीब और वंचित परिवार के बच्चों को शिक्षा से वंचित करने का काम किया है। बजट में सरकार ने राजस्थान के लिए कुछ खास नहीं दिया है। देश के आदिवासी समाज को मूलभूत सुविधा देने के बाद ही देश आत्मनिर्भर हो पायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को आदिवासियों को मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जाये और उनके हक और अधिकार को सुरक्षित किया जाना चाहिए। आदिवासी क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
भाजपा के दामोदर अग्रवाल ने कहा कि हमारी सरकार ने लोकलुभावन की बजाय अंत्योदय को अपना लक्ष्य बनाया है और उसी दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार ने आयात निर्भरता को कम करके लोगों को जीवन बेहतर करने का काम किया है। सात प्रतिशत विकास दर हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। इस बजट में एससी एसटी महिलाओं युवाओं को प्राथमिकता दी गयी है। बजट में जनता को प्राथमिकता दी गयी है।
आम आदमी पार्टी के गुरमीत सिंह ने कहा कि लगातार यह तीसरा बजट है जिसमें पंजाब का जिक्र नहीं किया गया है। पंजाब का देश में सबसे बड़ा योगदान है उसके बावजूद राज्य को अनदेखा किया जाता है। सरकार को किसानों का बचाव करने के बजाय उसको अपने हाल पर छोड़ दिया जा रहा है। अमेरिका के साथ समझौता कर किसानों की अनदेखी की गयी है। इस समझौते में हमारा कोई सम्मान नहीं हुआ है। इस समझौते में तेल खरीदने पर निगरानी रखने की बात की गयी जो बहुत ही अफसोसनाक है। केंद्र की नीतियों की वजह से पंजाब पिछड़ रहा है।
भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने वाला बजट है। यह योजनाओं से आगे बढकर परिणाम देने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गांव गरीब किसान की चिंता करने वाले हैं और इसकी झलक बजट में देखने को मिलती है। यह बजट खर्च का नहीं निवेश का बजट है। देश के भविष्य का बजट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस साठ वर्षों तक सत्ता में रही लेकिन उनके नेतृत्व में देश पिछड़ता गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित