चंडीगढ़ , जनवरी 27 -- ) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों पर गंभीरता से विचार कर ऐसा बजट तैयार किया जाएगा जिससे प्रदेश के हर नागरिक के चेहरे पर विश्वास और उम्मीद की मुस्कान आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी 2026-27 का राज्य बजट आंकड़ों का नहीं बल्कि जन आकांक्षाओं का दस्तावेज होगा।
मुख्यमंत्री मंगलवार को पंचकूला में हरियाणा विजन 2047 कार्य योजना पर मंत्री, सांसद और विधायकों के साथ आयोजित बजट पूर्व परामर्श बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में लोकसभा और राज्यसभा सांसदों विधायकों तथा मंत्रियों ने बजट को लेकर अपने सुझाव साझा किए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 6 जनवरी से शुरू की गई एआई आधारित ऐप के माध्यम से अब तक 9 हजार से अधिक सुझाव प्राप्त हो चुके हैं। नागरिक 31 जनवरी तक पोर्टल के जरिए अपने सुझाव सरकार को भेज सकते हैं। उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों को बजट में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट तैयार करने में आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
उन्होंने बताया कि बजट पूर्व परामर्श प्रक्रिया 6 जनवरी को गुरुग्राम से शुरू हुई थी जिसका अंतिम चरण अब पूरा हो गया है। अब तक 12 बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें 1597 हितधारकों से संवाद हुआ और 1513 सुझाव प्राप्त हुए।
ये बैठकें उद्योग शिक्षा स्वास्थ्य महिला वर्ग किसान सरपंच पार्षद युवा और विभिन्न संगठनों के साथ की गईं मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट सरकार का नहीं बल्कि हरियाणा की 2 करोड़ 80 लाख जनता का होगा और यह वर्तमान जरूरतों तथा भविष्य की योजनाओं के बीच मजबूत सेतु बनेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देना है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए एक हजार एकड़ भूमि पर स्मार्ट जोन स्थापित किए जाएंगे।
साथ ही पीएम सूर्य घर योजना के तहत 3 किलोवाट तक के सोलर प्लांट के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। सरकार पारदर्शी और तकनीक आधारित शासन के जरिए प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित