नयी दिल्ली/लखनऊ , जनवरी 29 -- बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली की नींव रखने के उद्देश्य से एक नयी पहल शुरु की गयी है। इस पहल का लक्ष्य बच्चों में संतुलित पोषण, नियमित शारीरिक गतिविधि और अच्छी नींद जैसी स्वस्थ आदतों को बढ़ावा देना है, ताकि भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सके।

यह पहल वैश्विक गैर-लाभकारी संस्था सेसमी वर्कशॉप और स्वास्थ्य सेवा कंपनी एबॉट ने संयुक्त रूप से शुरू किया है।

इस अभियान के अंतर्गत हिंदी भाषा में स्वास्थ्य संबंधी संसाधन विकसित किए गए हैं, ताकि परिवारों, देखभाल करने वालों और फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को समझना और अपनाना आसान हो। इसे भारत की स्थानीय संस्कृति, समुदाय और बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत 'एल्मोज़ वर्ल्ड: डांस पार्टी' नामक एक विशेष पारिवारिक कार्यक्रम हिंदी में भारत के यूट्यूब चैनल पर लॉन्च किया गया है। इसमें सेसमी स्ट्रीट के लोकप्रिय पात्र, संगीत और मनोरंजक गतिविधियां शामिल हैं, जो बच्चों और अभिभावकों के साथ मिलकर स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।

सेसमी वर्कशॉप इंडिया की मैनेजिंग डायरेक्टर सोनाली खान ने आज बताया कि बचपन में विकसित की गई स्वस्थ आदतें जीवनभर के स्वास्थ्य को बेहतर बना सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से 10,000 से अधिक बच्चों और देखभाल करने वालों तक सीधी पहुंच बनाई जा रही है, जबकि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लाखों परिवारों को जोड़ा जा रहा है।

एबॉट इंडिया की डायरेक्टर (ग्लोबल सिटिज़नशिप एंड सस्टेनेबिलिटी) पूनम शर्मा ने कहा कि भारत में बच्चों और किशोरों में मोटापा और मधुमेह जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ आदतों की शुरुआत बचपन से होना जरूरी है और यह कार्यक्रम परिवारों को छोटे-छोटे कदमों के जरिए स्वस्थ भविष्य की ओर बढ़ने में मदद करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित