नयी दिल्ली , अप्रैल 08 -- दिल्ली के लक्ष्मी पार्क इलाके में 11 साल की बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने एक सब्जी विक्रेता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र (25) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के मधुबनी का रहने वाला है। यह मामला तब सामने आया जब शनिवार को एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी भतीजी के साथ उसके घर के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति ने छेड़छाड़ की है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया था।
शिकायत के बाद पुलिस ने बच्ची के माता-पिता की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज किया और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान संदिग्ध को लक्ष्मी पार्क के पास देखा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की और उसे दबोच लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित