पटना , फरवरी 09 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने सोमवार को आरोप लगाया कि बिहार में बच्चियों के साथ हो रहे अपराध से ध्यान भटकाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी के लिए अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया, जो उचित नहीं है।

श्री अहमद ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार में सरकार और प्रशासन के स्तर से महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा नहीं जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बिहार में अत्याचार, व्यभिचार और बलात्कार की घटनाओं के बाद छोटी बच्चियों की हत्या की जा रही है ,यह बताने के लिए काफी है कि बिहार में सरकार का इकबाल समाप्त हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने इन मुद्दों से ध्यान भटकने के लिए श्रीमती राबड़ी देवी के संबंध में अप्शब्दों का इस्तेमाल किया जो उचित नहीं है।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में शासन-प्रशासन पूरी तरह से अव्यवस्थित हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के स्तर से अपराध अपराधियों को संरक्षित करने वाले पल बढ़ रहे हैं।उन्होने कहा कि विधान परिषद में जब नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी ने महिला सुरक्षा और बच्चियों के साथ हो रहे घटनाओं पर जब सवाल पूछा तो उसका सरकार के पास इसका उचित जवाब नही था। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने जवाब देने की जगह अमर्यादित ,अभद्र और अपशब्दों वाली भाषा का इस्तेमाल किया। इससे स्पष्ट हो जाता है की सरकार में बैठे हुए लोग महिलाओं की सुरक्षा करना तो दूर महिलाओं की मान -मर्यादा का भी ख्याल नहीं करते हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि जब शीर्ष पद पर बैठे हुए नेता और मुख्यमंत्री के द्वारा इस तरह की भाषा इस्तेमाल की जाएगी तो राज्य में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा कैसे हो पाएगी यह बात समझ से परे है।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने जिस तरह की की भाषा इस्तेमाल की है, यह उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी के लिए किया है, उससे समझा जा सकता है कि बिहार में महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार कितनी गंभीर है। उन्होंने इस तरह की अमर्यादित भाषा के लिए नीतीश कुमार से माफी की मांग की है।

श्री अहमद ने कहा कि चाहे नीट की छात्रा का मामला हो, खगड़िया में छोटी बच्ची के साथ हुए बलात्कार की घटना और हत्या का मामला हो,मधेपुरा में विधवा महिला के साथ हुए बलात्कार और हत्या का मामला हो, या कल दरभंगा में छह साल की बच्ची के साथ हुए बलात्कार और हत्या का मामला, सरकार के लोग चुप्पी साधे हुए हैं और कहीं ना कहीं मुख्यमंत्री श्री कुमार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करके मुद्दे को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं, जो उचित नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित