बीजापुर , मार्च 28 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पुलिस ने बच्चा चोरी की अफवाह में दो निर्दोष लोगों की पिटाई करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, दम्पाया निवासी सुनील लम्बाडी ने 26 मार्च को मद्देड़ थाने में लिखित शिकायत में बताया गया कि वंगापल्ली गांव के करीब 20 से 25 लोगों ने विकास कावटी और संतोष कावटी के साथ लाठी-डंडों तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की। पीड़ितों को ग्रामीणों ने बच्चा चोरी का आरोप लगाकर घेर लिया था और बिना तथ्य जाने उनके साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में तुरंत एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की और लगातार दबिश देकर घटना के 24 घंटे के भीतर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को 27 मार्च को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने मामले को लेकर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रमुखों की बैठक आयोजित कर लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित