बहराइच , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में स्थित प्रदेश के प्रमुख वेटलैंड बघेल झील के तट पर 2.85 करोड़ रुपये की इको टूरिज्म विकास परियोजना का शनिवार को विधायक सुभाष त्रिपाठी ने भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने शिलान्यास पट्ट का अनावरण भी किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विधानसभा पयागपुर क्षेत्र में स्थित बघेल झील प्रदेश के बड़े वेटलैंड में शामिल है। प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध यह झील समय के साथ उपेक्षा का शिकार हो रही थी। पर्यावरण प्रेमियों और समाजसेवियों की मांग पर विधायक सुभाष त्रिपाठी द्वारा शासन स्तर पर प्रयास किए गए, जिसके फलस्वरूप 2 करोड़ 85 लाख 42 हजार रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है।
विधायक ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत झील तट पर सीसी प्लेटफॉर्म, ओपन ऑडिटोरियम, दुकानों का निर्माण, टी-आकार का डेक सेल्फी प्वाइंट, हरियाली विकास, आकर्षक लाइटिंग तथा पार्क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित