पटना , फरवरी 09 -- पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने सोमवार को गंगा नदी पर निर्माणाधीन बख्तियारपुर (करजान) ताजपुर (समस्तीपुर) पुल के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

श्री पाल ने समीक्षा के क्रम में बख्तियारपुर-ताजपुर पुल के निर्माण कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। समीक्षा के दौरान परियोजना के नवीनतम भौतिक प्रगति को संतोषजनक पाया गया।

सचिव श्री पाल ने परियोजना के शेष कार्यों में और अधिक तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। यह महत्वाकांक्षी ग्रीनफील्ड ब्रिज एनएच-31 (बख्तियारपुर के निकट करजन) को एनएच-28 (ताजपुर, समस्तीपुर) से जोड़ता है, जो गंगा नदी पर स्थित है। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने पर यह उत्तर एवं दक्षिण बिहार के बीच बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा तथा महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का बोझ कम करेगा।

सचिव श्री पाल ने कहा कि परियोजना समयबद्ध रूप से आगे बढ़ रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कास्टिंग, इरेक्शन एवं अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों में और अधिक संसाधन लगाकर गति बढ़ाई जाए। परियोजना की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें।

गौरतलब है कि पथ निर्माण विभाग अन्तर्गत बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के द्वारा करजान (बख्तियारपुर) - ताजपुर (समस्तीपुर) फोरलेन पुल एवं पहुँच पथ परियोजना का निर्माण कराया जा रहा है। यह पथ पटना के करजान (बख्तियारपुर) के समीप नैशनल हाईवे-31 से प्रारंभ होकर समस्तीपुर जिला के ताजपुर तक नैशनल हाईवे -122 को जोड़ता है। इस पथ की कुल लम्बाई 51.26 किलोमीटर है, जिसमें गंगा नदी पर पुल की लम्बाई 5.51 किलोमीटर एवं पहुँच पथ की लम्बाई 45.75 किलोमीटर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित