बक्सर , जनवरी 29 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने गुरूवार को बक्सर जिले से ब्रह्मपुर के प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी-सह-प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी एकता भाईकेन्द्र लक्की को दस हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र निवासी और मध्य विद्यालय, गायघाट, ब्रह्मपुर के शिक्षक सुधीर कुमार पाठक ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी-सह-शिक्षा पदाधिकारी एकता भाईकेन्द्र लक्की के द्वारा एरियर बकाया राशि 4,63,587 रुपये का भुगतान करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो की पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता श्रीमती रीता सिन्हा के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त एकता भाईकेन्द्र लक्की को दस हजार रूपये रिश्वत लेते हुए उनके ब्रह्मपुर स्थित कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित