भरतपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र में कोड्याई गांव में मंगलवार को जंगल में बकरियां चराने गई 65 वर्ष की एक बुजुर्ग महिला की ढाई किलो चांदी के कड़ों के लिए बेरहमी से हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे बदमाशों ने पहले महिला का गला काटा, इसके बाद दोनों पैर काटकर 25 ग्राम वजनी चांदी की चेन, ढाई किलो चांदी के कड़े, सोने का जंतर, सोने के कुंडल, नथ करीब पांच तोला, के गहने लेकर फरार हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीण बदमाशों की गिरफ्तारी की माँग को लेकर मुख्य कोड्याई गांव की सड़क को जाम करके धरने पर बैठ गये।
मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया गया कि परिजनों को वारदात की जानकारी उस समय हुई जब सिर्फ बकरियां घर लौटी। महिला नहीं दिखी। बुजुर्ग महिला की तलाश करते हुए परिजन जब घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल पहुंचे तो वहां लहूलुहान हालत में बुजुर्ग महिला का शव पड़ा मिला। तलाश करने पर बुजुर्ग के कटे हुए दोनो पैर भी जंगल मे ही मिल गए। वारदात के बाद फिलहाल क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित