हरदोई , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र में शनिवार को एक मकान के बंद बाथरूम से किराएदार का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नन्हे (50) पुत्र बनवारी निवासी ग्राम हैदरपुर, थाना शाहाबाद के रूप में हुई है। वह करीब एक वर्ष से अल्हापुर तिराहा स्थित जियाउद्दीन निवासी जंगालिया के मकान में किराए पर रहकर मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि उसी मकान के पास वाले कमरे में डायल 112 पर तैनात सिपाही अनुज कुमार भी किराए पर रहते हैं। पिछले कुछ दिनों से मकान के आसपास तेज दुर्गंध आ रही थी। शनिवार को बदबू अधिक होने पर सिपाही अनुज कुमार को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण और प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बंद बाथरूम का दरवाजा खुलवाया तो अंदर एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। जांच में शव की पहचान किराएदार नन्हे के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक शव चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित