कोलकाता , फरवरी 08 -- पश्चिम बंगाल में सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कथित अवैध निर्माण को लेकर हुई हिंसक झड़प में 81 साल के एक बुजुर्ग की मौत को लेकर रविवार को उत्तरी 24 परगना में एक स्थानीय पार्षद को निलंबित कर दिया।
यह घटना उत्तरी बैरकपुर के वार्ड नंबर 23 के मनीरामपुर में हुई।
आरोपी पार्षद रवींद्रनाथ भट्टाचार्य को तुलसी अधिकारी की मौत के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह घटना शनिवार दोपहर को हुई जब लोग अपने घरों के पास एक कथित अवैध निर्माण का विरोध कर रहे थे। जब पार्षद मौके पर पहुंचा तो तनाव बढ़ गया।
परिवार ने आरोप लगाया कि पार्षद भट्टाचार्य प्रदर्शनकारियों में से एक हेमंत अधिकारी के साथ मारपीट कर रहा था, जिसके बाद उसके पिता तुलसी अधिकारी ने अपने बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने की कोशिश की। गुस्से में आकर पार्षद ने कथित तौर पर उसे लात मार दी, जिससे बुजुर्ग सड़क पर गिर गया। तुलसी को तुरंत बैरकपुर छावनी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हालांकि पार्षद और पार्टी ने शुरू में आरोपों से इनकार किया, लेकिन पीड़ित के परिवार ने आज सुबह पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पार्षद को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद टीएमसी ने भट्टाचार्य को छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया।
बैरकपुर के सांसद पार्थ भौमिक ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि पार्षद व्यक्तिगत रूप से इसमें क्यों शामिल हुआ। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा।
बैरकपुर के पूर्व भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरू में आरोपी को बचाने की कोशिश की।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने विस्तृत जांच शुरू कर दी है, स्थानीय निवासियों से पूछताछ की है, इलाके से सीसीटीवी फुटेज जब्त किए हैं और चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित